Raju sharma
BCCL के बाद SECL में भी माइनिंग सरदार एवं ओवरमैन को एक घंटे का चार्जिंग अलाउंस देने की मांग तेज
बिश्रामपुर.. SECL में कार्यरत माइनिंग सरदार एवं ओवरमैन को एक घंटे का चार्जिंग अलाउंस (प्रभार भत्ता) दिए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के महासचिव अजय विश्वकर्मा ने SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं निदेशक (मानव संसाधन) को पत्र भेजकर सभी पात्र खनन पर्यवेक्षकों को समान रूप से यह लाभ देने की मांग की है।
श्री विश्वकर्मा ने कहा कि ECL द्वारा 19 अगस्त 2025 तथा BCCL द्वारा 21 अगस्त 2024 को माइनिंग सरदार एवं ओवरमैन को एक घंटे का प्रभार भत्ता देने के संबंध में आदेश जारी किए जा चुके हैं। BCCL के आदेश में एक घंटे के समय को भत्ते के रूप में तत्काल जारी करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि SECL के कुछ क्षेत्रों में माइनिंग सरदार एवं ओवरमैन को एक घंटे का चार्जिंग अलाउंस दिए जाने की जानकारी है, जबकि कई क्षेत्रों में यह सुविधा नहीं मिल रही है। एक ही कंपनी में अलग-अलग व्यवस्था कर्मचारियों के साथ समानता के सिद्धांत के अनुरूप नहीं है। अतः गेवरा़, दीपका, कुसमुंडा, कोरबा सहित SECL के सभी क्षेत्रों में पात्र कर्मचारियों को समान रूप से इसका लाभ दिया जाना चाहिए।
श्री विश्वकर्मा ने कहा कि माइनिंग सरदार एवं ओवरमैन खदानों में सुरक्षा, निरीक्षण, निगरानी और सुरक्षित उत्पादन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। एक घंटे का अतिरिक्त प्रभार समय मिलने से खदानों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलेगी।
उन्होंने SECL प्रबंधन से मांग की कि ECL एवं BCCL की तर्ज पर SECL के सभी पात्र माइनिंग सरदार एवं ओवरमैन को एक घंटे का चार्जिंग अलाउंस प्रदान करने का तत्काल आदेश जारी किया जाए।
