सरगुजा गांजा तस्करी का बड़ा कॉरिडोर बनता जा रहा है। छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश की सीमा पर बलरामपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार तड़के 3 बजे 16 चक्का ट्रक से करीब 10 करोड़ रुपए का 19.41 क्विंटल गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना (ट्रक मालिक) सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 11-12 जून की रात पुलिस को टेक्निकल इनपुट मिला था कि एक बड़ा गांजा तस्कर इलाके में सक्रिय है। बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल ने यूपी सीमा के पास घेराबंदी की। रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच तेज रफ्तार ट्रक आरजे 14 जीयू 9078 वहां से गुजरा। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली, तस्करों की चालाकी देखकर टीम भी दंग रह गई। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक के निचले हिस्से में गांजे के 62 बड़े पैकेट बिछाए थे और उन्हें छिपाने के लिए ऊपर से प्लास्टिक की बोरियों में चूना पाउडर भरकर रखा था। लाइव ट्रैकिंग से पकड़ा गया फरार मास्टरमाइंड बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने कहा कि पुलिस लंबे समय से इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट के सरगना की तलाश में थी। सूचना मिली थी कि सहारनपुर का लोकेश शर्मा खुद माल की डिलीवरी के लिए आ रहा है। साइबर सेल की लाइव ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग के चलते उसे चेकपोस्ट पर ही दबोच लिया गया। लोकेश ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरप्रदेश तक तस्करी का यह पूरा सिंडिकेट संचालित करता था।
