Raju Sharma
कोरिया जिले के बैकुंठपुर में IC मार्ट में कथित चोरी के आरोप के बाद 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए IC मार्ट को सील कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर पुलिस लाइन क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग युवती सामान खरीदने के लिए IC मार्ट गई थी। आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने उस पर चोरी का आरोप लगाया।
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि मार्ट संचालक ने युवती से एक-एक सामान की पर्ची बनवाकर उस पर लिखवाया कि उसने और उसकी बहन ने दुकान में चोरी की है। इसके बाद उस लिखित बयान पर युवती से हस्ताक्षर भी कराए गए। आरोप यह भी है कि मार्ट प्रबंधन ने उससे ₹20,000 की मांग की और उसकी स्कूटी भी अपने कब्जे में रख ली।
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद युवती मानसिक रूप से काफी परेशान और तनाव में आ गई। बुधवार को उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया। पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने IC मार्ट को सील कर दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या युवती पर किसी प्रकार का मानसिक दबाव बनाया गया था और आत्महत्या के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए सभी आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
