Raju Sharma/koriya
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 'विश्वास के, विकास के जनकल्याण' कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पंचायत पटना स्थित कन्या माध्यमिक शाला परिसर में वृहद पंजीकरण समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैकुंठपुर विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि विभिन्न कार्यों के लिए प्राप्त पंजीकरण आवेंदनो का समाधान समय पर करें ताकि उसका लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि शासन द्वारा अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और नागरिकों को इनका लाभ प्राप्त करने के लिए अपने आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं को सही मात्रा में और सही समय में खाद मिले इसके लिए समितियो को निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जिन किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन नहीं हुआ है, वह शीघ्र पंजीयन कराएं।
कलेक्टर ने उपस्थित नगरवासियों से कहा 16 जून से स्कूल खुल चुके हैं इसलिए आपके तथा आसपास के सभी बच्चों को स्कूल भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपील करते हुए कहा कि इस सम्बंध में वह भी पहल करें ताकि शिक्षित कोरिया, समृद्ध कोरिया की पहचान हमारा जिला बन सके।
उन्होंने आम लोगों से कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति के लिए नुकसानदेह नहीं है बल्कि परिवार, समाज व प्रदेश के लिए भी बेहद हानिकारक है, इसलिए इस नशे रुपी दलदल से खुद बचें और नई पीढ़ी को भी बचाएं।
जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि शिविर लगाने का उद्देश्य समस्याओं समाधान करना है ही साथ ही सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देना भी है ताकि इससे आम नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम नागरिकों को केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए।
आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नवजात बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता अभियान चलाया, जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, नगर पंचायत पटना अध्यक्ष गायत्री सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजेश साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

